UGC Act 2026 LIVE Updates: सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियम पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि जाति संबंधी नियम स्पष्ट नहीं है। विशेषज्ञ को भाषा और स्पष्ट करने को कहा गया है। फिलहाल यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों में 2012 के पुराने रेगुलेशंस ही लागू रहेंगे। अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। यूजीसी इक्विटी एक्ट 2026 पर कोर्ट की रोक देशभर में चल रहे विरोध के बीच आई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार समेत कई राज्यों में जातिगत-भेदभाव को रोकने के लिए लाए गए यूजीसी के नए 'कानून' का एकतरफा बताया जा रहा है। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अंलकार अग्निहोत्री ने इसे 'काला कानून' बताते हुए अपने पद से इस्तीफा तक दे दिया है। वहीं सवर्ण जाति संगठनों ने आंदोलन तेज करने की धमकी दी है। 13 जनवरी से चल रहे विरोध के बाद यूजीसी जल्द स्पष्टीकरण जारी कर सकती है। सरकार शिक्षाविद, अधिकारी और यूजीसी को मिलाकर एक हाईलेवल कमेटी बना सकती है। यूजीसी 'इक्विटी एक्ट 2026' की ताजा जानकारी के लिए यहां दिए जा रहे अपडेट्स पर नजर रख सकते हैं।
- LIVE UPDATES
- 11:44 AM, Jan 30 2026
यूजीसी क्या है?
- यूजीसी एक्ट, यूजीसी के नए नियम, यूजीसी का विरोध... इस सभी चीजों पर खबरें तो ढेरों चल रही हैं। इन सबके बीच ये जानना भी जरूरी है कि यूजीसी है क्या, ये काम क्या करता है, वगैरह-वगैरह। तो विस्तार में जानिए- क्या होता है UGC और इसका काम?
- 10:58 AM, Jan 30 2026
News on UGC Act: यूजीसी नए कानून के खिलाफ 3 याचिकाएं
- सुप्रीम कोर्ट में यूजीसी के नए नियम के खिलाफ तीन याचिकाएं दायर की गई हैं। इनमें कहा गया है कि इस धारा के जरिये जाति-आधारित भेदभाव से जो संरक्षण दिया गया है, वह समावेशी नहीं है। धारा-3(C) के अनुसार, जाति-आधारित भेदभाव का अर्थ है अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लोगों के विरुद्ध केवल जाति या जनजाति के आधार पर किया गया भेदभाव।
- 10:30 AM, Jan 30 2026
UGC Supreme Court: क्या हम फिर से पीछे की ओर जा रहे हैं?
- यूजीसी एक्ट पर सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने एक और सख्त टिप्पणी की। भारत के मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि 'अनुसूचित जातियों के भीतर भी ऐसे लोग हैं, जो आर्थिक रूप से समृद्ध हो चुके हैं।' सीजेआई ने सॉलिसिटर जनरल से पूछा कि 'हमने जातिविहीन समाज की दिशा में जो कुछ भी हासिल किया है, क्या हम अब फिर से पीछे की ओर जा रहे हैं?'
- 09:50 AM, Jan 30 2026
UGC Regulation: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- अस्पष्ट हैं प्रावधान
- सुप्रीम कोर्ट में यूजीसी रेगुलेशन पर सुनवाई कर रही सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच ने नए नियमों में शामिल कुछ मुद्दों को रेखांकित किया। कहा- 'प्रावधान अस्पष्ट हैं। इनका दुरुपयोग किया जा सकता है। जब भेदभाव की परिभाषा सभी प्रकार के भेदभाव को समाहित करती है, तो जाति आधारित भेदभाव को अलग से परिभाषित करने की जरूरत क्यों है?'
- 09:24 AM, Jan 30 2026
UGC Act LIVE: सुप्रीम कोर्ट का सवाल
- गुरुवार को यूजीसी रेगुलेशन पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कई बड़े सवाल उठाए। इनमें से एक नॉर्थ इंडिया और साउथ इंडिया पर के उदाहरण पर आधारित था। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) ने पूछा- 'क्या 3(e) सभी भेजदभाव को कवर करेगा? दक्षिण भारत का कोई छात्र उत्तर भारत के संस्थान में एडमिशन लेता है या इसके विपरीत और उसके खिलाफ व्यंग्यात्मक, अपमानजनक या ह्यूमिलिएटिंग टिप्पणियां की जाती हैं, जबकि पीड़ित और आरोपियों की जाति की पहचान पता नहीं है, तो क्या यह प्रावधान उस स्थिति को संबोधित करेगा?'
- 09:11 AM, Jan 30 2026
UGC Supreme Court: कौन बनाएगा कमिटी, अभी साफ नहीं
- सुप्रीम कोर्ट ने देश के जाने-माने कानूनी जानकारों की कमिटी बनाने का सुझाव दिया है, जो यूजीसी रेगुलेशन में जरूरी बदलावों को लेकर काम करेगी। सवाल है कि ये कमिटी कैसे बनेगी? शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को स्टडी करने के बाद फैसला लिया जाएगा। अगली सुनवाई के बाद ही कमिटी की रूपरेखा तय होने की उम्मीद है। क्योंकि अभी तय नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट कमिटी बनाएगा या मंत्रालय को कमिटी के सदस्यों के नाम तैयार कर कोर्ट मंजूरी लेनी होगी। कमिटी किन-किन बिंदुओं पर विचार करेगी, ये भी एक सवाल है। अगली सुनवाई के दौरान ही इन सभी सवालों के जवाब सामने आएंगे। अब जो नई कमिटी बनेगी, उसे 2012 के रेगुलेशन, कमिटी की रिपोर्ट, ड्राफ्ट रेगुलेशन और फाइनल नियम की समीक्षा करनी होगी।
- 08:51 AM, Jan 30 2026
UGC Act 2026: ये खिलाफत पहली बार नहीं
- यूजीसी कानून 2026 का पुरजोर विरोध हुआ। लेकिन ये पहली बार नहीं जब यूजीसी के किसी फैसले या नए नियम का विरोध किया जा रहा है। पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। बीते 15-16 वर्षों में ऐसे कम से कम 10 मामले आए। कभी यूजीसी को सुप्रीम कोर्ट का साथ मिला, तो कभी फैसले वापस लेने पड़े। पूरी जानकारी- यूजीसी का विरोध कब-कब और क्यों हुआ है?
